ईर्स्टन पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर कैंटर पलटने से रोड पर फैली गोभी
खेकड़ा (बागपत)। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर सब्जी से भरा अनियंत्रित कैंटर पलटने पर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बदायूं निवासी दिनेश कुमार बृहस्पतिवार को गोभी से भरा कैंटर लेकर बदायूं से पानीपत हरियाणा जा रहा था। रात करीब 12 बजे जब कैंटर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर रेलवे ओवरब्रिज के पास पहुंचा। तभी तेज रफ्तार होने के कारण कैंटर पलट गया। कैंटर में भरी गोभी एक्सप्रेस वे पर बिखर गई और वहां जाम लग गया। चालक दिनेश भी घायल हो गया। पुलिस ने घायल को कैंटर से बाहर निकाल कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ प्रीता सिंह का कहना है कि क्रेन से कैंटर को मार्ग किनारे खड़ा कराकर एक्सप्रेस वे पर वाहनों का आवागमन सुचारू कराया।