संवाद न्यूज एजेंसी
छपरौली। भाजपा कार्यकर्ताओं की रविवार को तिलवाड़ा में चेयरमैन धूम सिंह के आवास पर बैठक हुई। इसमें संगठन को मजबूती प्रदान करने पर बल दिया। चेयरमैन धूम सिंह ने कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला प्रभारी हिमांशु मित्तल ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के विजय लक्ष्य को पूरा करने के लिए कार्यकर्ताओं को संगठन की रणनीति के अनुसार सक्रिय होने की आवश्यकता है। केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेने वाले लाभार्थियों की चौखट तक पहुंचना है। छपरौली विधानसभा क्षेत्र प्रभारी पवन तरार ने कहा कि देश भाजपा के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। विकास के इस रथ को निरंतर गतिमान रखने की आवश्यकता है। बैठक की अध्यक्षता जसवीर सोलंकी ने की तथा संचालन डॉ. रवि शास्त्री ने किया। बैठक में मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष सचिन मलिक, पीतम सिंह खोखर, धीरज, पूर्व जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष अनिता खोखर, मदन पाल तुगाना, राजेश, मोनिका गिरि, सनी चौधरी, इंदू मौजूद रहे।
बाइक भिड़ंत में महिला समेत चार घायल
चांदीनगर। ढिकौली-बंथला मार्ग पर रविवार को खासपुर मोड़ के समीप दो बाइक की टक्कर में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें नजदीकी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। ग्र्राम कहरका निवासी बिलाल पुत्र जफर अपने परिवार समेत बाइक से दिल्ली जा रहा था। ढिकौली-बंथला मार्ग के खासपुर मोड़ के समीप ढिकौली की ओर से तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए। हादसे में बिलाल, सलमा, विशु व संजीव घायल हो गए। संवाद