- हाईवे पर जाम की समस्या कम होने से लोगाें को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। नगर में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित दिल्ली चौराहे पर आड़ी तिरछी खड़ी होने वाली बसों की पुलिस ने बैरिकेड लगाकर जगह निर्धारित कर दी है। इनके बाहर बसें खड़ी करने पर कार्रवाई की जाएगी। बैरिकेड लगने से जाम की समस्या कम होने से लोगों को राहत मिलेगी।
नगर में बसों के खड़े होने के लिए दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित डिपो व बावली चुंगी स्थित बस स्टैंड है। इसके बाद भी दिल्ली चौराहे पर दिनभर आठ से दस बसें आड़ी तिरछी खड़ी रहती है, जिससे हाईवे पर जाम लगा रहता है। इसके कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाम की वजह से वहां पर कई बार सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी है। विनय, राहुल, नितिन, मोहित आदि समेत अन्य लोगाें ने बताया कि इसकी शिकायत कई बार प्रशासनिक व परिवहन निगम के अधिकारियों से की जा चुकी है मगर आज तक कोई समाधान नहीं हुआ था। पुलिस ने कई जगह बैरिकेड लगाकर बसें खड़े होने की जगह निर्धारित कर दी है। जिससे हाईवे पर जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी।
- जब बसों के खड़े होने के लिए नगर में बस स्टैंड बने हुए हैं तो हाईवे पर बसें खड़ी नहीं होनी चाहिए, जिससे जाम की समस्या पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। - योगेश
- बैरिकेड नहीं बसों के खड़े होने पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगानी चाहिए, जिससे वाहन चालकों को हाईवे से गुजरने में आसानी होगी। - सत्यपाल
- वर्जन
जाम की समस्या कम करने के लिए दिल्ली चौराहे पर बैरिकेड लगाकर बसों के खड़े होने की जगह निर्धारित की गई है। इनसे आगे खड़ी करने पर कार्रवाई की जाएगी। - विजय कुमार, सीओ बड़ौत