बागपत जनपद बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जर्जर 24 परिषदीय विद्यालयों के नए भवन का निर्माण कराया जाएगा। विभाग की ओर से भवन के निर्माण के लिए नीलामी की तैयारी शुरू कर दी है। नीलामी के बाद जर्जर भवन को तुड़वाकर नए भवनों का निर्माण कराया जाएगा।
बेसिक शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर पूर्व में जिले में 31 प्राथमिक और दो उच्च प्राथमिक जर्जर विद्यालयों के भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। विभाग की ओर से जिले में 25 जर्जर भवन का पुन: निर्माण कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। विभाग के प्रस्ताव पर शासन ने अनुमति दे दी है।
अब विभाग की ओर से जल्द ही जर्जर भवनों की नीलामी कराकर उनके स्थान पर नए भवनों का निर्माण कराया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बागपत ब्लॉक में सात, बिनौली ब्लॉक में 11, खेकड़ा में पांच और बड़ौत ब्लॉक में एक स्कूल के भवन का निर्माण कराया जाएगा।
जिला समन्वयक निर्माण सौरभ शुक्ला ने बताया कि जर्जर भवन की नीलामी दस अगस्त से 19 अगस्त तक बीआरसी पर कराई जाएगी।