दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित सरूरपुर गांव में ईंट लदे ट्रक से कुचलकर सरूरपुर निवासी सिपाही विक्रम के भाई बबलू (38) की मौत हो गई। लोगों ने ट्रक और उसमें सवार युवक को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने हाईवे जाम कर पुलिस के खिलाफ हंगामा किया। इस दौरान पुलिस की लोगों ने काफी नोकझोंक हुई।
ग्रामीणों के मुताबिक सरूरपुर निवासी बबलू मिनी बस चालक था। बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे वह हाईवे किनारे पैदल चल रहा था। इसी दौरान बागपत की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक ने बबलू को कुचल दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लोग लेकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, ट्रक में सवार लोग ट्रक छोड़कर भागने लगे।
गांव के लोगों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया। जबकि अन्य फरार हो गए। पकड़े गए युवक ने बताया कि ट्रक को ईंट भरने वाले मजदूर चला रहा था। इस पर लोग भड़क गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की पुलिस से तीखी झड़प हुई। इससे मार्ग पर जाम लग गया। पुलिसवालों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और जाम खुलवाया। एएसपी विद्या सागर मिश्र का कहना है कि अभियान चलाकर ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।