बागपत। यहां गर्मी ने हालात खराब की हुई है तो लू से बाहर निकलते ही शरीर झुलस रहा है। गर्मी के कारण लोग बीमारियों की चपेट में खूब आ रहे हैं। ऐसे में खानपान का ध्यान रखना ही सबसे जरूरी है। तभी बीमारियों से बचे रहेंगे। इसलिए चिकित्सक हलका खाना खाने और मौसम के अनुसार पेय पदार्थ ज्यादा लेने की सलाह दे रहे हैं।
यहां रविवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस रहा। घर से बाहर निकलते ही लू के थपेड़े शरीर को झुलसा रहे थे। ऐसे में लोग दोपहर में तेज धूप और लू चलने के कारण घरों से निकलना मुश्किल हो गया और वह ज्यादा जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। चिकित्सक भी लोगों को धूप और लू से बचने की सलाह दे रहे हैं। आयुर्वेदिक विभाग के चिकित्सक डाॅ. प्रशांत शर्मा बताते हैं कि जिस तरह से गर्मी हो रही है, ऐसे में तला-भुना भारी खाना खाने से बचना चाहिए। क्योंकि इस समय पाचन गड़बड़ा जाता है और लोग बीमार हो सकते हैं। मौसम के अनुसार पेय पदार्थ ज्यादा लेने चाहिए, जिससे शरीर में पानी के साथ ही अन्य जरूरी तत्वों की कमी न हो। इनमें सत्तू, आम का पना, छाछ, बेल का शर्बत, नारियल पानी आदि है।
छुट्टी के बावजूद बाजार व सड़कें दोपहर में रहे सूने
यहां रविवार को छुट्टी होने के बावजूद दोपहर में तेज धूप व लू के कारण बाजार व सड़कें सूने हो गए। नेशनल हाईवे तक पर वाहनों का आवागमन काफी कम दिखाई दिया। बाजार में स्थिति ज्यादा खराब रही और शाम होने के बाद ही लोग घरों से बाहर निकले। इससे व्यापार पर भी असर दिख रहा है।
इनका सेवन करने से बचे
गर्मी के मौसम में तेज मिर्च-मसाले वाले, तले हुए, नमकीन और बासी खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं करना चाहिए। खट्टा दही, अंडा, मांस, मछली, उड़द की दाल, चने की दाल, बैंगन, शहद, सिरका, खटाई, शराब आदि का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए।
इस तरह कर सकते हैं खानपान
-सुबह उठते ही गुनगुने पानी में नींबू का रस और शहद डालकर पिएं
-सुबह के नाश्ते में एक कटोरी मौसमी फल, दलिया, दूध, ओट्स, सूजी चीला जैसी पौष्टिक चीजें लेनी चाहिए
-दोपहर के खाने से पहले नारियल पानी, आम पना, शर्बत ले सकते हैं
-दोपहर के खाने में एक कटोरी दाल या सब्जी, रोटी, चावल, जीरा डाली गई छाछ ले सकते हैं
-रात को खाने में खिचड़ी, एक कटोरी दाल और रोटी, सब्जी डला हुआ दलिया जैसा हलका खाना ले सकते हैं