घरों के उपकरण फुंकने के बाद जेई से उलझते प्रताप गुर्जर।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शहर में पावर कट लगने के बाद आए हाई वोल्टेज करंट से दर्जनों मकानों के विद्युत उपकरण फुंक गए थे। सूचना पर पहुंचे जेई से लोग उलझ गए। लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया है।
बागपत के कोर्ट रोड पर सीएचसी कैंपस के पास रखे 400 केवीए के ट्रांसफार्मर में बुधवार शाम दो बार बहुत तेजी से धमाका हुआ। इससे बिजली चली गई थी। रात करीब नौ बजे हाई वोल्टेज करंट आया। इससे इरशाद, आलम, जेन मोहल्ला के अनिल शर्मा, पंकज जैन, दानिश समेत कई लोगों के विद्युत उपकरण फुंक गए।
इसकी जानकारी विद्युत निगम के अफसरों को दी गई। वहां पर तुरंत जेई रविंद्र कुमार अपनी टीम के साथ पहुंचे। विद्युत उपभोक्ताओं का कहना था कि अफसरों और कर्मचारी की लापरवाही से उपकरण फुंके हैं। इस दौरान जेई से काफी नोकझोंक हुई। जेई रविंद्र कुमार का कहना है कि ट्रांसफार्मर में फाल्ट हो गया था, जो ठीक कर दिया गया है। इसी कारण उपकरण फूंके हैं।