बागपत। प्रधानमंत्री जन कल्याणकारी प्रचार प्रसार अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रहलाद मोदी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साल 2024 में भाजपा 400 सीटों का आंकड़ा छू लेगी। सरकार की योजनाएं घर-घर पहुंच रही हैं। भारत विश्व गुरु बनेगा। साथ ही कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में भर्ती कुछ अधिकारी अपनी मानसिकता नहीं बदल रहे है। उन पर सरकार की निगाहें है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई और प्रचार प्रसार अभियान के अध्यक्ष प्रहलाद मोदी ने एसपीआरसी डिग्री कॉलेज में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री जन धन योजना में 34 करोड़ बैंक खाते खुलवाए गए। गरीब परिवारों को गैस सिलिंडर दिया गया। गैस कनेक्शन को आधार से जोड़कर भ्रष्टाचार की चेन खत्म करने का काम मोदी सरकार ने किया। प्रधानमंत्री जन कल्याणकारी प्रचार प्रसार अभियान में करीब 22 लाख सदस्य जुड़ गए हैं, जिन्हें बढ़ाकर 22 करोड़ करने का लक्ष्य बनाया गया है। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी को चार सौ सांसदों के साथ जीत मिलेगी।
कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में भर्ती कुछ अधिकारी अपनी मानसिकता नहीं बदल रहे हैं। ऐसे अधिकारियों पर भी सरकार की निगाह हैं। सभी को दिल से शहीदों का सम्मान करना चाहिए। शहीद स्मारक के बाहर जूते निकालकर अंदर जाएं। मर्यादा का ख्याल रखे। शहीदों के सम्मान से ही राष्ट्र का गौरव बढ़ता है। इससे पहले उन्होंने राष्ट्रवंदना चौक पर पंडित रामप्रसाद बिस्मिल और अशफाक उल्ला खां की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर सरोजनी गिरी जी महाराज ने भी अपने विचार व्यक्त किए। डॉ अनिल चौहान, सुरेंद्र चौहान, सतपाल प्रधान, जयपाल प्रधान, गजब, सुनील उपाध्याय, महेश आर्य, सीमा, अमित कैड़वा, अमित कुमार, सतेंद्र प्रजापति मौजूद रहे।
--------------------------------
पीएम मोदी के फोटो तक का इस्तेमाल नहीं करते
बागपत। प्रहलाद मोदी ने कहा कि उनका पूरा परिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फोटो तक का इस्तेमाल नहीं करते। निष्काम भाव से देश की सेवा में जुटे हैं। वह खुद अहमदाबाद में राशन कोटेदार हैं।
---------------------------
मोदी सपोर्टर संगठन ने कर दिया विलय
बागपत। मोदी सपोर्टर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद तंवर और मंत्री रामपाल पंवार ने प्रहलाद मोदी के समक्ष संगठन का विलय प्रधानमंत्री जन कल्याणकारी प्रचार प्रसार अभियान में किया। तय किया गया कि दोनों संगठन अब एक हो गए हैं और पूरी ताकत के साथ एकजुटता से कार्य करेंगे। प्रहलाद मोदी ने रामपाल पंवार को राष्ट्रीय मंत्री, देवेंद्र प्रमुख को राष्ट्रीय प्रवक्ता, विनोद तंवर को राष्ट्रीय महासचिव और सत्यपाल प्रधान को किसान विभाग का दायित्व सौंपा है।