संवाद न्यूज एजेंसी
रटौल। ललियाना गांव में तीन साल के बच्चे का अपहरण करने के लिए बाइक पर सवार होकर युवक पहुंच गए। वहां बच्चे के परिजन पहुंचे तो बाइक सवार भाग गए। इस मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई।
ललियाना गांव की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया की बड़ौत क्षेत्र के एक गांव का युवक पिछले काफी दिनों से उसे फोन कर परेशान कर रहा है। आरोप लगाया कि युवक ने उसे मिलने को कहा तो उसने इंकार कर दिया। इस पर आरोपी ने उसके बेटे का अपहरण करने की धमकी दी। आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार को उसका बेटा घर के बाहर खेल रहा था, तभी युवक अपने साथी के साथ वहां पहुंचा और बेटे को उठाकर ले जाने लगा। इसी बीच उसकी जेठानी वहां आ गई और शोर मचा दिया। इस पर दोनों युवक बच्चे को छोड़कर भाग गए। इस मामले में थाना प्रभारी प्रदीप ढौडियाल का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।