बिनौली (बागपत)। बरनावा दाहा मार्ग पर रविवार रात कार की टक्कर से बाइक सवार सुनील कुमार की मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
मोहम्मदपुर खूंटी निवासी सुनील कुमार उम्र 29 वर्ष पुत्र ओमवीर हरियाणा के बहालगढ में एक एलईडी बनाने वाली कंपनी में कार्य करता था। रविवार को वह छुट्टी लेकर अपने घर आया था। रात में वह बाइक से किसी कार्य से गांव से बरनावा जा रहा था। बरनावा दाहा मार्ग पर चंदायन मोड़ के पास सामने से आ रही स्विफ्ट कार से बाइक की टक्कर हो गई। जिससे वह घायल हो गया। कार भी सड़क के किनारे एक पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। कार चालक व सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल को बिनौली सीएचसी पर भर्ती कराया, जहां से उसे बागपत रेफर किया। जहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान सुनील की मौत हो गई। कार्यवाहक एसओ शिवराज सिंह का कहना था कि गाड़ी को कब्जे में लिया है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।