खेकड़ा (बागपत)। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर बड़ागांव के पास ट्रक की टक्कर लगने पर बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया।
दिल्ली नजफगढ़ के रहने वाले दो दोस्त धीरज और मनोज बुधवार देर रात बाइक द्वारा पेरिफेरल एक्सप्रेस वे से हरिद्वार जा रहे थे। जब वे बड़ागांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने धीरज को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने युवकों के परिजनों को घटना की सूचना दी।
मनोज की गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ के लिए रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलने से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम बाद परिजन शव को लेकर नजफगढ़ चले गए। सीओ प्रीता सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों को शव सौंप दिया गया है।