बड़ौत। बिजरौल गांव के जंगल में स्थित खेतों में लगे तार हटाने का विरोध करने पर जलालपुर गांव के दूसरे वर्ग के युवकों ने बिजरौल गांव के एक व्यक्ति को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जिसके बाद जलालपुर और बिजरौल गांव के लोग आमने-सामने आ गए। ग्रामीण घायल को लेकर कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर दो अलग-अलग समुदाय ओर दो अलग-अलग गांवों का मामला होने पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
बिजरौल गांव निवासी अरुण पुत्र जयपाल अपने खेतों की रखवाली कर रहा था। तभी जलालपुर गांव के दूसरे वर्ग के पांच-छह युवक वहां पर आए और खेतों में लगे तार को हटाने लगा। अरुण ने विरोध किया तो उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान अरुण जान बचाने के लिए दौड़ता रहा और आरोपी उसे पीटते रहे। खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीणों ने इसकी सूचना बिजरौल गांव में दी।
जिसके बाद काफी संख्या में ग्रामीण वहां पर पहुंचे तो जलालपुर से भी ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच गाली-गलौज शुरू हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर भाग निकले। बाद में बिजरौल गांव के ग्रामीण घायल युवक अरुण को लेकर कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की। सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि घायल युवक का मेडिकल परीक्षण करा दिया है, जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।