संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले के 200 साल पूरे होने आयोजित तीन दिवसीय बिजनौर महोत्सव का रविवार को समापन हुआ। बिजनौर महोत्सव में कला, संस्कृति, खेल का संगम रहा। जिले के स्थानीय कलाकारों से लेकर बाहर तक के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति देकर महोत्सव में चार चांद लगा दिए। लोगों में भी काफी उत्साह देखने को मिला।
रविवार को पीली डैम, अमानगढ़ टाइगर रिजर्व का भ्रमण किया। जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, पौराणिक जगहों का भ्रमण कर बिजनौर की विरासत को जाना। इसके अलावा प्रदर्शनी मैदान में स्थानीय कलाकारों, अधिकारियों, प्रवासी बिजनौर, स्वयं सेवी संस्थाओं, उद्यमियों आदि को शाॅल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि महोत्सव पूरे उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। बिजनौर की प्राकृतिक, ऐतिहासिक, सांस्कृति, साहित्यिक पृष्ठभूमि, उद्योगों, कलाओं और संपदाओं से समृद्ध बिजनौर की विरासत का संदेश देश और विदेश में गया है।
इस मौके पर सीडीओ पूर्ण बोरा, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, डीडीओ रचना गुप्ता, नगरपालिका चेयरपर्सन इंदिरा सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरण यादव, बीएसए योगेंद्र सिंह, ईओ विकास कुमार, सौरभ कुमार, राहुल नील क्रिएटिव ग्राफर, महर्षि प्रशांत कुमार आदि मौजूद रहे।