अग्रवाल मंडी टटीरी के बिजली घर पर विद्युत मीटर लेकर धरने पर बैठे भारतीय किसान संध के कार्यकर्ता
अग्रवाल मंडी टटीरी। ट्यूबवैल पर बिजली के मीटर लगाने के विरोध में भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने कस्बे के बिजलीघर पर धरना दिया। धरने में अग्रवाल मंडी टटीरी व हमीदाबाद के किसानों ने बिजली के 20 मीटर उतारकर कार्यालय में जमा कराए।
भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों का कहना था कि ट्यूबवैलों पर बिजली के मीटर लगाकर विद्युत निगम किसानों पर आर्थिक बोझ डाल रहा है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भारतीय किसान संघ के जिला कार्यकारिणी सदस्य राकेश पूनिया ने कहा कि कई बार अधिकारियों से ट्यूबवैलों से बिजली के मीटर हटाने की मांग कर चुके हैं, मगर किसानों की समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
मौके पर संदीप कुमार, यशपाल सिंह, सत्यपाल सिंह, विनोद कुमार, प्रमोद कुमार, तनुज, सुरेश मौजूद रहे।