बागपत के सांकरौद गांव में खंभे के पास लटक रहे तार की चपेट में आकर करंट लगने से एक बच्चा तड़पता रहा। उसे बचाने का लोग साहस नहीं जुटा पाए। वहीं, पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पुत्र ने सूझबूझ से उसकी जान बचाई। इस घटना का वीडियो सामने आने पर हर कोई प्रयास की सराहना कर रहा है।
सांकरौद गांव निवासी शहजाद का 12 वर्षीय पुत्र फरहान गांव में प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो में पढ़ता है। वह शनिवार को स्कूल से पड़ोसी छात्र के साथ घर लौट रहा था। रास्ते में एक खंभे से सटा बिजली का तार लटका हुआ था।
यह भी पढ़ें: जाको राखे साईंया: मेरठ के दिव्यांश ने मौत को दी मात, शरीर को रौंदती चली गई कार, उछालकर 10 मीटर तक घसीटा
उस तार को फरहान ने पकड़ लिया। उसमें कारण करंट होने से फरहान काफी जद्दोजहद के बाद भी हाथ नहीं छुड़ा सका। वह करंट लगने से तड़पता रहा। उसके पास से कई लोग गुजरे, लेकिन किसी ने उसे बचाने की हिम्मत नहीं जुटाई।
इसी दौरान वहां से खेकड़ा ब्लॉक के पूर्व प्रमुख जितेंद्र पहलवान का पुत्र विशाल धामा गुजर रहा था। उसने बच्चे को तड़पते हुए देखा तो बाइक से उतरकर पहले आसपास डंडा देखने का प्रयास किया। डंडा नहीं मिलने पर उसने फरहान के हाथ में पैर मार दिया, जिससे उसका हाथ तार से छूट गया। बच्चा बदहवास हालत में नाली में गिर गया तो उसे उठाकर उपचार कराया। अब वह पूरी तरह स्वस्थ्य है।