बागपत। जिले में बीडीओ किस तरह से विकास कार्यों में लापरवाही बरत रहे हैं। इसका इस बात से पता चलता है कि वह सांसद निधि का पैसा ब्लॉक को मिलने के बावजूद डेढ़ महीने की समयावधि में ओपन जिम नहीं लगवा सके। इस कारण ही सांसद की निधि की किस्त रुक गई है। इस पर जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ से नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
सांसद डाॅ. सत्यपाल सिंह ने अपनी निधि से सभी छह ब्लॉकों के 44 गांवों में ओपन जिम लगवाने के लिए प्रस्ताव दिया था। जिनके लिए एक करोड़ 66 लाख 32 हजार रुपये का बजट मंजूर किया गया था।
यह जिम ब्लॉक के माध्यम से लगवाने के लिए 10 फरवरी को 99 लाख 88 हजार रुपये की किस्त जारी कर दी गई थी। इसके साथ ही सभी छह बीडीओ के लिए डेढ़ महीने में जिम लगवाने का समय निर्धारित किया गया था।
मगर ढ़ाई महीने बीतने के बाद भी केवल छह जिम लगवाए गए है और 14 में कार्य चल रहा है। जबकि 24 जिम लगवाने के लिए कार्य भी शुरू नहीं कराया गया। किसी भी बीडीओ ने धनराशि व्यय का ब्यौरा तक नहीं दिया। संवाद
बागपत बीडीओ की सबसे खराब स्थिति
बागपत ब्लॉक की बीडीओ की सबसे खराब स्थिति है। बागपत ब्लॉक के गांवों में 15 ओपन जिम लगवाए जाने है, लेकिन एक भी जिम के लिए कार्य तक शुरू नहीं हो सका। यहां के लिए 56.70 लाख रुपये स्वीकृत हुए, जिनमें से 34 लाख पांच हजार रुपये की किस्त जारी हो गई।
सांसद निधि की किस्त रुकने पर जिलाधिकारी भड़के
ओपन जिम समयावधि बीतने के बाद भी नहीं लगवाए जाने के कारण सांसद निधि की किस्त रुक गई है। क्योंकि जितनी राशि जारी हुई थी, उसको खर्च करने की रिपोर्ट नहीं जाने के कारण किस्त रोकी गई है। इस पर जिलाधिकारी राजकमल यादव ने नाराजगी जताई और वह बीडीओ पर भड़क गए। उन्होंने सभी बीडीओ को नोटिस जारी करके स्पष्टीकरण मांगा है।
बीडीओ ने कंपनी को एक पत्र तक नहीं लिखा
जिलाधिकारी राजकमल यादव ने कहा है कि अगर जिम लगाने में ठेका लेने वाली कंपनी की लापरवाही है तो बीडीओ को उसको ब्लैक लिस्ट करने के लिए पत्र लिखना चाहिए था। लेकिन किसी भी बीडीओ ने एक पत्र उस कंपनी को नहीं लिखा है। इस तरह से यह लापरवाही दिख रही है।
- बड़ौत में छह ओपन जिम लगवाए जाने हैं। वहां केवल एक जिम लगवाया गया और अन्य पांच अभी तक नहीं लगवाए गए।
- पिलाना ब्लॉक के गांवों में 11 ओपन जिम लगवाए जाने हैं। चार जिम लगवाए गए हैं और सात अभी तक नहीं लग सके।
- खेकड़ा ब्लॉक के गांवों में आठ ओपन जिम लगवाए जाने हैं। वहां एक भी जिम लगवाने का काम शुरू नहीं हो सका।
- बिनौली ब्लॉक के गांवों मेंं दो ओपन जिम लगवाए जाने हैं। वहां एक लग चुका है तो एक अभी नहीं लगा है।
- छपरौली ब्लॉक में दो ओपन जिम बनाए जाने हैं, लेकिन वहां एक भी जिम नहीं लग सका।