- लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख जिला मार्ग की श्रेणी से स्टेट हाईवे घोषित कराने के लिए तैयार किया प्रस्ताव
- स्टेट हाईवे घोषित होने से फोर लेन के लिए किया जाएगा चौड़ीकरण, वाहन चालकों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग को स्टेट हाईवे घोषित किया जाएगा, इसके लिए लोक निर्माण विभाग के अफसरों ने प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। स्टेट हाईवे घोषित होने के बाद मार्ग को फोरलेन के लिए चौड़ीकरण भी कराया जाएगा। इससे लाखों वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग जिले को मुजफ्फरनगर से जोड़ता है, जो जिले का प्रमुख जिला मार्ग की सूची में शामिल हैं। बड़ौत से मुजफ्फरनगर तक इस मार्ग की लंबाई करीब 64 किलोमीटर है, इसमें 22 किलोमीटर का हिस्सा बागपत जिले में है। इस मार्ग से दिल्ली, बागपत, हरियाणा से हरिद्वार समेत अन्य पर्यटन स्थलों और अन्य जगहों पर जाने के लिए रोजाना लाखों लोग आवागमन करते हैं। वर्तमान में मार्ग की चौड़ाई दस मीटर है, जिस पर दो लेन वाहनों का संचालन किया जा रहा है। मार्ग पर वाहनों की भीड़ देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने जिला प्रमुख मार्ग को राज्यमार्ग घोषित कराने का प्रस्ताव तैयार है। शासन स्तर से मंजूरी मिलने के बाद मार्ग का चौड़ीकरण भी कराया जाएगा।
- बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर लगातार वाहनों की संख्या और हादसे भी बढ़ रहे है। मार्ग के स्टेट हाईवे घोषित होने से चौड़ीकरण कराया जाएगा। इससे हादसे भी कम हो जाएंगे और आवागमन में सुविधा मिलेगी। - गुल्लू राणा, दाहा
- दिल्ली, हरियाणा से लेकर कई जगहों के वाहन चालक रोजाना इस मार्ग से आवागमन करते है। इसका चौड़ीकरण होने से वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र का विकास भी होगा। - अमित कुमार, पलड़ी
वर्जन
- जिला प्रमुख मार्ग बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग को स्टेट हाईवे घोषित कराने के लिए प्रस्ताव तैयार कराया गया है, जिसे शासन को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद इसके चौड़ीकरण पर भी काम किया जाएगा। -अतुल कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि