बागपत के बड़ौत नगर की बैंक शाखाओं में नगदी संकट गहराने से बुधवार को पूरे दिन हाय-तौबा मची रही। कई बैंकों में ग्राहकों ने हंगामा भी किया।
गांधी रोड स्थित सिंडिकेट बैक शाखा के अलावा पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक शाखाओं के सामने सुबह आठ बजे से ही लोग कैश लेने के लिए लाइन लगाकर खड़े हो गए। बैंक खुलने के बाद कैश लेने को पूरे दिन हाय-तौबा मची रही। कई बैंक शाखाओं में तो ग्राहकों की गार्ड और पुलिस कर्मियों से नोकझोंक भी हुई। ग्राहकों का आरोप था कि कुछ बैंक कर्मचारी सही व्यवस्था नहीं कर रहे हैं।
शादी वालों को बैंकों से नहीं मिल पा रहा लाभ
बड़ौत। जिन घरों में शादी की तैयारी चल रही है। वे शादी का कार्ड लेकर एसडीएम दीपाली कौशिक से मिले। उनसे लिखित में आदेश करने को कहा। एसडीएम ने मजबूरी जताई की वे लिखित में इसका कोई आदेश नहीं कर सकती है। फेरू सिंह कुर्डी, जिसके दो बेटियों की शादी है। देशपाल दोघट व दीपक नंगला उनके भी बेटियों की शादी है, आदि के अनुसार वे रुपयों के लिए लगातार अधिकारी और बैंकों के चक्कर लगा रहेेे हैं, लेकिन कोई मदद नहीं हो रही है।
गुड़ मंडी के व्यापारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी
बड़ौत। न गुड़ मंडी व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद पालीवाल ने बताया कि नोटबंदी को लेकर तीसरे दिन भी मंडी में पूर्ण हड़ताल रही। बुधवार को मंडी में व्यापारियों ने बैठक कर विचार-विमर्श किया। जिसमें बताया कि सुप्रीम कोर्ट में दायर रिट का 25 नवंबर को निर्णय आ सकता है। वहीं भाजपा की दिल्ली में समीक्षा बैठक भी बुलाई गई है। इसलिए 25 नवंबर को पुन: व्यापारियों की बैठक होगी। इसके बाद में बैठक में आगामी निर्णय लिया जाएगा। पिंटू, बलजीत सिंह, ओमसिंह, सुभाष, मंगलसैन, सत्तो, विमल, अनिल, सुदर्शन आदि रहे।