संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। ग्राम नौरोजपुर गुर्जर में बृहस्पतिवार को जनचौपाल लगाई गई। इसमें डीएम राजकमल यादव ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। जनचौपाल में डीएम ने ग्रामीणों की सुविधा के लिए गांव में जल्द बैंक शाखा खुलवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। ग्रामीणों को बागपत सजल अभियान के अंतर्गत पानी बचाने के लिए जागरूक किया।
जिलाधिकारी राजकमल यादव बृहस्पतिवार को बस में बैठकर ग्राम नौरोजपुर गुर्जर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ गांव का भ्रमण कर विकास के बारे में जानकारी ली। डीएम ने ग्रामीणों को बर्बाद करने के बजाए बचाने का आह्वान किया। डीएम ने ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्या का समाधान कराने के लिए गांव में ग्रामीण बैंक की स्थापना की जाएगी। डीएम ने निर्माणाधीन पंचायत भवन का निरीक्षण कर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम अमित कुमार सिंह, सीडीओ रंजीत सिंह, पीडी विद्यानाथ शुक्ला, एसडीएम पूजा चौधरी, कृषि उपनिदेशक प्रशांत कुमार, डीडीओ बीवी सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी केबी सिंह, कार्यक्रम अधिकारी विपिन मैत्रेय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी तूलिका शर्मा, सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत, डॉ. अमरपाल सिंह, संदीप चौधरी, श्योवीर डागर, टेकचंद मैनेजर, श्याम सिंह, धूम सिंह मौजूद रहे।