बागपत के गौना गांव निवासी 45 वर्षीय शिवशंकर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए एक युवक को हिरासत में लिया है।
बागपत जनपद के गौना गांव निवासी 45 वर्षीय शिवशंकर पुत्र रामकुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया गया कि वह अपने कुछ दोस्तों के साथ हरियाणा के कोथली गांव गया था। बताया जा रहा है कि वह वहां किसी काम से गया था।
विज्ञापन
तड़के घर छोड़ गए साथी
परिजनों के अनुसार शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे शिवशंकर के दोस्त उसे मृत अवस्था में घर छोड़कर चले गए। जब परिजनों ने शिवशंकर को अचेत अवस्था में देखा तो परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और शिवशंकर की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि युवक पूरी तरह स्वस्थ था और उसकी मौत सामान्य नहीं लगती।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिवशंकर के साथ गए एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति साफ हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।