घायल महिला सीसीटीवी कैमरे की फुटेज लेकर सात दिन तक भटकती रही, लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की। महिला ने एसपी बागपत को सीसीटीवी फुटेज दिखाई तब जाकर महिला की रिपोर्ट दर्ज की गई।
बागपत जनपद में रिश्तेदारों के हमले करने पर घायल महिला सीसीटीवी कैमरे की फुटेज लेकर सात दिन तक भटकती रही। लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया और उसे टरकाते रहे। इसके बाद सीसीटीवी कैमरे की फुटेज एसपी के पास पहुंची तो पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
अग्रवाल मंडी टटीरी की रहने वाली राखी ने बताया कि दस दिसंबर को रिश्तेदार उसके घर आए और उस पर हमला कर दिया। उन्होंने गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। वीडियो बनाने पर उसकी बेटी के हाथ से मोबाइल छीन लिया गया। उसके कुंडल खींचने से कान भी फट गया। इसकी शिकायत उसने कोतवाली पुलिस से की, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
इसके लिए सात दिन तक वह कोतवाली के चक्कर लगाती रही। राखी के साथ हुई घटना की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने के बाद एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने हमलावर श्रीनिवास, निखिल, अनीता, सुहानी निवासी फजलपुर सुंदरनगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि एक आरोपी निखिल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।