बागपत जनपद के बड़ावद गांव में बुधवार की शाम तालाब में नहा रहे एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। जिससे परिजनों का बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार मूसलाधार बारिश के चलते गांव में स्थित तालाब ओवर फ्लो हो गया। बुधवार को गांव कुछ युवक तालाब में नहाने गये तो शाहबाज (17) पुत्र यूनुस भी नहाने के लिए तालाब में कूद गया।
तालाब में पानी गहरा था कि वह अपने आप को संभाल नही पाया और तालाब में डूब गया, इस दौरान तालाब में नहा रहे अन्य युवकों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। युवकों ने जैसे तैसे कोशिश कर बेहोशी की हालत में उसे तालाब से बाहर निकाला।
सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजन उसे बड़ौत के एक अस्पताल में लेकर पहुचे जहॉ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत पर पिता यूनुस, मां समीना सहित परिवार के लोगों का रोते रोते बुरा हाल हो गया।