बागपत। समाजवादी पार्टी ने अपने चुनावी पत्ते फेंट दिए हैं। छपरौली से हाजी तराबुद्दीन की जगह फिर से मनोज चौधरी को उम्मीदवार घोषित किया गया। चौधरी ने पिछला विधानसभा चुनाव भी इस सीट से लड़ा था। जिले की तीनों सीटों पर अब जाट उम्मीदवार हो गए हैं।
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने लखनऊ में उम्मीदवारों की सूची जारी की। छपरौली सीट पर पहले से घोषित हाजी तराबुद्दीन की जगह अब ककड़ीपुर गांव के किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले मनोज चौधरी को मैदान में उतारा गया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के करीबियों में से एक मनोज चौधरी ने पिछला चुनाव इसी सीट से लड़ा था। हालांकि शुरूआत में हाजी तराबुद्दीन को प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन हाजी अपना टिकट नहीं बचा पाए। उधर, बागपत सीट पर डॉ. कुलदीप उज्ज्वल और बड़ौत में विजय कुमार को ही प्रत्याशी रखा गया है। अब तीनों सीटों पर सपा के जाट उम्मीदवार हो गए हैं।
छपरौली के टिकट को लेकर रही ऊहापोह
छपरौली पर टिकट को लेकर ऊहापोह रही। सपा सुप्रीमो के सूची जारी करते ही उम्मीदवारों का नाम जानने की उत्सुकता रही। सपा जिलाध्यक्ष राजूद्दीन चेयरमैन ने बाद में पुष्टि कर बताया छपरौली में मनोज चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित किया था शौकेंद्र का नाम
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव को प्रत्याशियों की जो सूची सौंपी थी, उसमें बड़ौत सीट से अर्जुन अवार्डी शौकेंद्र तोमर का नाम प्रस्तावित किया गया था, लेकिन सपा मुखिया ने यहां से विजय कुमार के नाम को ही आगे बढ़ाया। मुख्यमंत्री की सूची भी वायरल हो गई।