शहर के मोहल्ला मुगलपुरा निवासी सपा के पूर्व प्रदेश सचिव शफीक सलमानी के भतीजे बाबर फैजान ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट कर दी। इसका पता चलने पर पुलिस ने देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर फैजान को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उससे मोबाइल भी बरामद किया गया।
पहलगाम में आतंकी हमले के बाद सीमा पर भारत-पाकिस्तान के बीच कई दिन तक तनाव रहा। सोशल मीडिया पर कुछ दूषित मानसिकता वाले लोगों ने पाकिस्तान के समर्थन में भी पोस्ट डाली। मंगलवार को शहर के मोहल्ला मुगलपुरा निवासी फैजान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट अपलोड कर दी, जिसमें वह पाकिस्तान का समर्थन करता नजर आ रहा है।
पोस्ट में धार्मिक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा भी भारत को लेकर कई आपत्तिजनक चीजें उस पोस्ट में दिखाई गई हैं। इस पर हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने पुलिस को फोन कर पोस्ट के बारे में जानकारी दी और इस पर आक्रोश जताया।
पुलिस ने जांच की और कस्बा चौकी प्रभारी विकास चौहान ने फैजान के खिलाफ कोतवाली में देशद्रोह के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया। इस मामले में सीओ हरीश भदौरिया का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
भतीजे के बचाव में उतरे सपा नेता
सपा के पूर्व प्रदेश सचिव शफीक सलमानी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट अपलोड करने के मामले में अपने भतीजे का बचाव किया। उन्होंने फर्जी आईडी बनाकर पोस्ट अपलोड करने का आरोप लगाया। सपा नेता का कहना है कि उनका भतीजा ऐसी मानसिकता का नहीं है। उसके नाम की आईडी बनाकर पोस्ट अपलोड की है, इस प्रकरण की जांच कराई जाए।