पहले घर पर की शराब पार्टी, फिर जंगल ले गए
पुलिस के अनुसार, दो अक्टूबर की रात लवदीप उर्फ कल्लू पार्टी करने के बहाने अजय को घर से ले गया था। उसके साथ अमित भाटी भी था। तीनों ने पहले लवदीप के घर पर शराब पी। इसके बाद रास्ते में भी शराब का सेवन किया और अजय को घिटौरा के जंगल में ले गए।
पुलिस के मुताबिक, जंगल में एक खेत में अजय की ईंटों से कुचलकर हत्या कर दी गई। इसके बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।
अमित की निशानदेही पर घिटौरा के जंगल से मिला शव
पुलिस ने अमित भाटी को हिरासत में लिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घिटौरा के जंगल से अजय का शव बरामद किया। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेज दिया गया है।
जांच अधिकारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि अमित की निशानदेही पर अजय यादव का शव बरामद हुआ है। अमित ने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले किसी बात को लेकर उसका अजय यादव से झगड़ा हुआ था। तभी से वह अजय से रंजिश रखता था। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के चलते हत्या की गई।
हत्या की खबर से गांव में पसरा सन्नाटा
अजय की हत्या की जानकारी मिलने के बाद गढ़ी कलंजरी गांव में सन्नाटा पसर गया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।