बागपत के छपरौली में अवैध संबंधों का विरोध करने पर टांडा गांव में डंडों से पीट-पीटकर महिला की हत्या कर दी गई। इस घटना को दूसरा रूप देने के लिए ससुराल वाले जहरीला पदार्थ निगलने से मौत होने का दावा कर शव सुपुर्द ए खाक करने में जुट गए। मायके वालों ने हंगामा कर पुलिस को बुलाया और शव का पोस्टमार्टम कराया तो हत्या का खुलासा हुआ। पति और देवरानी को गिरफ्तार कर लिया गया।
मांगरौली गांव के रहने वाले शाकिर त्यागी ने बताया कि उसने अपनी बहन इमराना (30) की शादी वर्ष 2013 में टांडा गांव के गुलजार के साथ की थी, जो कैंटर पर क्लीनर है। शादी के बाद तीन बच्चे हुए। सात अक्तूबर की दोपहर उसकी बहन इमराना खेत में काम कर घर लौटी तो अपनी देवरानी को परिवार के सदस्य के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। उसने विरोध किया तो सभी ने मिलकर उसे पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद उसे जहरीला पदार्थ निगलने की जानकारी दी और इमराना को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने इमराना को मृत घोषित कर दिया। ये लोग शव लेकर वापस टांडा चले गए। तभी वहां आए मायके वालों ने हंगामा कर दिया और पुलिस को बुलाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इमराना के गर्दन की हड्डी, छाती की हड्डी, हाथ की अंगुलियां और जबड़ा टूटा हुआ मिला। पुलिस ने पति गुलजार, देवरानी रूबी, ससुर रियासत समेत छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की और आरोपी गुलजार और रूबी को गिरफ्तार कर लिया।
शव को हाथ भी नहीं लगाने दिया
मृतका इमराना के भाई शाकिर ने बताया कि बहन की मौत की सूचना मिलने पर वे टांडा गांव पहुंचे तो ससुराल वालों ने शव को हाथ नहीं लगाने दिया। उसे उठाकर कब्रिस्तान जाने की तैयारी में जुट गए। इसके बाद उन्हें शक हुआ और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
ये बोले सीओ
टांडा में अवैध संबंधों को लेकर महिला की पीट-पीटकर हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति गुलजार और महिला रूबी को गिरफ्तार कर लिया गया। इन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। - विजय चौधरी, सीओ बड़ौत