बागपत के गांधी बाजार में शॉकी हलवाई की पंजाबी कन्फेक्शनरी एंड स्वीट्स पर खाद्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को छापा मारा। टीम ने पाया कि रसगुल्ले खराब थे और उनमें मक्खियां पड़ी हुई थीं। इसलिए 20 किलो रसगुल्ले नष्ट कराए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य डीपी सिंह ने बताया कि बिजवाड़ा और खेकड़ा में भी कार्रवाई की गई। बिजवाड़ा के साजिया की मावा भट्टी से मावा का नमूना लिया गया। वहीं मुश्ताक की भट्टी से 40 किलो खोया नष्ट कराए गए। खेकड़ा पुलिस चौकी के पास एक गाड़ी से 40 किलो खोया जब बदबूदार पाया गया, तो उसे भी नष्ट कराया गया। यह खोया मांगरोली निवासी नौशाद और दिल्ली निवासी जाहिद खान ले जा रहे थे।
इसके अलावा, पुरा महादेव मंदिर परिसर की कैंटीन से चाय का नमूना भी लिया गया। जिन जगहों से सैंपल लिए गए हैं, उनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञदत्त आर्य और निधि रानी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।