सिंधावली अहीर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे भाजपाई।
- फोटो : Amar ujala
पिलाना सीएचसी अधीक्षक के कक्ष में बृहस्पतिवार को भाजपा के मंडल अध्यक्ष संजय उपाध्याय पर पत्नी व बेटी के सामने कर्मियों ने हमला कर दिया। इसको लेकर भाजपाइयों ने सीएचसी और सिंघावली अहीर थाने में घंटों हंगामा किया। उधर, स्वास्थ्यकर्मी ने मंडल अध्यक्ष पर जातिसूचक शब्द बोलने के साथ ही गाली-गलौज व मारपीट करने का आरोप लगाया।
भाजपा के अमीनगर सराय मंडल के अध्यक्ष संजय उपाध्याय ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह अपनी पत्नी पूनम व गर्भवती बेटी मुस्कान के साथ पिलाना सीएचसी गए थे। उसकी पत्नी पूनम आशा कार्यकर्ता है, जो बेटी मुस्कान को आयरन की दवाई दिलाने गई थी। वह सीएचसी अधीक्षक डा. सुधीर शर्मा के कक्ष में बैठकर वार्ता कर रहे थे। इसी दौरान एक स्टाफ नर्स सीमा शर्मा वहां आई और उन पर हमला कर दिया। साथ ही अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने भी उनके साथ हाथापाई और अभद्रता की। इसमें उनके कपड़े भी फट गए। इसकी सूचना मिलने पर जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय समेत अन्य भाजपा नेता वहां पहुंचे। जिन्होंने पहले सीएचसी में हंगामा किया और इसके बाद सिंघावली अहीर थाने में गए। वहां वह घंटों तक मुकदमा दर्ज कराने के लिए बैठे रहे। जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने की बात कहकर उन्हें डाक्टरी के लिए भेज दिया गया। पुलिसकर्मी पिलाना सीएचसी पर पहुंचे तो वहां मंडल अध्यक्ष ने डाक्टरी कराने से इंकार कर दिया। वहां से उन्हें जिला अस्पतला भेजा गया। मगर वहां चिकित्सक ने कहा कि उनके पास रेफर स्लिप नहीं है और वहां डाक्टरी करने से मना कर दिया गया। वहां करीब एक घंटे तक बातचीत करने के बाद भी डाक्टरी नहीं की गई। वह वापस गए और पिलाना सीएचसी पर डाक्टरी कराई। इस मामले में मंडल अध्यक्ष ने महिला स्टाफ नर्स के खिलाफ तहरीर दी। सीओ हरीश भदौरिया ने सीएचसी पर पहुंचकर जांच की।
स्वास्थ्य कर्मियों ने मंडल अध्यक्ष पर आरोप लगा दी तहरीर
इस मामले में डौला सीएचसी में तैनात ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक सत्यवीर सिंह ने भी सिंघावली अहीर थाने में तहरीर दी। आरोप लगाया कि भाजपा मंडल अध्यक्ष ने उस पर अशाओं के भुगतान की जानकारी देने का दबाव बनाया। उसने आशा को ही जानकारी देने की बात कही तो जातिसूचक शब्दों के साथ गाली गलौज कर मारपीट की गई। तभी वहां स्टाफ नर्स सीमा शर्मा ने आकर उसे बचाने का प्रयास किया, तो उसके साथ भी मारपीट की। बताया गया कि स्टाफ नर्स सीमा शर्मा पहले सरूरपुर सीएचसी पर तैनात थी और उनका अनुबंध जुलाई में खत्म हुआ है। उनके लिए शासन से आदेश है कि उनको घर के पास के केंद्र पर तैनात किया जाए, तो उसको हाल ही डौला सीएचसी भेजा गया। इस मामले में एनएचएम कर्मियों ने भी कार्रवाई नहीं होने पर हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है।