तुगाना गांव में भाजपा किसान मोर्चा ने किसान सम्मेलन का आयोजन किया। इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर और प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश राणा ने संबोधित किया। नेताओं ने सपा सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा और भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
नवाब सिंह नागर ने अपने संबोधन में सपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौरान महिलाएं घरों के अंदर भी सुरक्षित नहीं थीं। दिन-दहाड़े उनका अपहरण कर लिया जाता था। गुंडों ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था। भाजपा सरकार आने के बाद अपराधी या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़ चुके हैं। योगी राज में महिलाएं, व्यापारी, किसान और मजदूर सभी सुरक्षित महसूस करते हैं। वे रात को भी बिना डर के आराम से घूम सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सपा सरकार में महिलाएं शाम पांच बजे के बाद घर से नहीं निकलती थीं।
प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश राणा ने कहा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जा चुका है। युवाओं को अच्छी शिक्षा और जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। महिलाओं, किसानों, गरीबों और युवाओं के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोग उठा रहे हैं।
सुरेश राणा ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान सम्मेलन में कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, सतेंद्र तुगाना, प्रदेश मंत्री यतेंद्र शर्मा, किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष तेजेंद्र गुर्जर, पूर्व विधायक साहब सिंह, सरिता चौधरी, धर्मेंद्र प्रधान, संजीव खोखर आदि मौजूद रहे।
सपा सरकार में रात में लोगों को नहीं मिलती थी बिजली: देवेंद्र सिंह
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि सपा शासनकाल में लोगों को रात में बिजली नहीं मिलती थी। इससे लोग रातभर सो नहीं पाते थे। बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर लूट, डकैती व चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया था। सिंह ने दावा किया कि अब भाजपा सरकार में प्रदेश में पर्याप्त बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में विकास तेजी से किया जा रहा है और हर कोई भाजपा से जुड़ रहा है, जिससे पार्टी का जनाधार बढ़ रहा है।
रमाला में क्षेत्रीय अध्यक्ष का किया स्वागत
भाजपा के पूर्व विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने शुक्रवार को अपने आवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का स्वागत किया। उनके आवास पर क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, प्रदेश मंत्री यतेंद्र शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा देवेंद्र चौधरी और प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश राणा पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। रमाला ने संगठन को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया। इस दौरान पूर्व चेयरमैन अमित राणा, अमित चौधरी, अजय चौहान, नरेंद्र सिंह और मास्टर शीशपाल सहित कई अन्य प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे