बागपत के नांगल गांव में गाली-गलौज होने के विवाद में शुक्रवार रात खेत से लौट रहे किसान दीपक की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपी अमित वहां से भाग गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।
नांगल निवासी शीशपाल ने बताया कि उसका बेटा दीपक शुक्रवार को खेत में काम करने गया था। रात में वहां से लौटते समय रास्ते में गांव का ही अमित मिल गया। अमित के साथ गाली-गलौज को लेकर दोनों में झगड़ा चल रहा था। तभी अमित लोहे की रॉड लेकर आया और दीपक के सिर में मार दी, जिससे अमित जमीन पर गिर गया। घटना के बाद वहां आए लोगों ने बीच बचाव कराने का प्रयास किया तो अमित ने उन पर भी लोहे की रॉड से हमला किया।
इसके बाद अमित ने जमीन पर पड़े दीपक पर लोहे की रॉड से कई वार किए और वहां से भाग गया। सूचना मिलने पर आए पुलिसकर्मी घायल दीपक को उठाकर सीएचसी ले गए, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद सीओ अंशु जैन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हत्यारोपी अमित को भी गिरफ्तार कर लिया।
तीन बहनों का इकलौता भाई था दीपक
नांगल गांव निवासी रवि ने बताया कि दीपक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके परिवार में तीन बहनें हैं। दीपक भी अपने पिता शीशपाल खेतीबाड़ी करता था।
ये बोले एसपी
नांगल गांव में दो पक्षों में झगड़ा होने की जानकारी मिली थी। इसमें घायल दीपक की मौत हो गई। इसमें एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
- सूरज कुमार राय, एसपी