बागपत। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से जैन तीर्थ नगरी बड़ागांव के लिए कट को शुरू कर दिया गया है। सांसद डाॅ. राजकुमार सांगवान के केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलने के बाद कट खोलने का आश्वासन दिया गया था।
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे बनने के बाद से मांग की जा रही थी कि जैन तीर्थ नगरी बड़ागांव के पास भी कट दिया जाए। जिससे एक्सप्रेस-वे से होते हुए बाहर से आने वाले लोग सीधे बड़ागांव पहुंच सके तो उस कट का फायदा आसपास के गांवों के लोगों को भी मिल सके। इस मांग को लेकर काफी गांवों के लोग केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिले थे। जिससे वर्ष 2022 में परिवहन मंत्रालय ने बड़ागांव के पास एक्सप्रेस-वे पर कट बनाने के लिए 66 करोड़ रुपये का बजट मंजूर कर दिया था। जिसका कार्य शुरू कराया गया और इसका निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसके बाद भी इसे नहीं खोला जा रहा था। सांसद डाॅ. राजकुमार सांगवान ने इसको लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की तो इसको शुक्रवार को खुलवाने का आश्वासन दिया। इसको शुक्रवार शाम को खोल दिया गया और इससे वाहनों का आवागमन शुरू हो गया।
- इन गांवों के लोगों को फायदा
बड़ागांव के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर कट शुरू होने से जहां त्रिलोक तीर्थ धाम जैन मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सीधा व आसान रास्ता मिलेगा। वहीं बडागांव, रटौल, खैला, मंसूरपुर, ललियाना, खासपुर, गौना सहवानपुर, सिंगौली तगा, फुलैरा, टुकाली, विनयपुर, भगौट, भैडापुर, सरफाबाद, लहचौडा, फखरपुर, फिरोजपुर, अहमदनगर नंगला बड़ी, मुबारिकपुर, सैदपुर, महरमपुर, सलावतपुर खेड़ी, बसी आदि गांवों के ग्रामीणों के लिए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर जाने के लिए सीधा रास्ता मिल जाएगा।