बिनौली। अंगदपुर जौहड़ी गांव में बाबा नौगजा पीर पर जाने वाला मार्ग गंदगी व कूड़ा करकट से अटा होने व मार्ग पर जलभराव की समस्या श्रद्धालुओं के लिए परेशानियों का सबब बना हुआ है।
तालाब के पास स्थित बाबा नौगजा पीर की दूर-दूर तक मान्यता है। नफीश सिद्दीकी बताते हैं कि यहां पर प्रत्येक गुरुवार और रविवार को दूर दूर से श्रद्धालु आकर अरदास लगाते हैं। बाबा नौगजा पीर उनकी हर मनोकामना पूरी करते हैं। लेकिन पीर पर जाने वाले मार्ग की हालत अत्यधिक दयनीय है, मार्ग पर तालाब का पानी हमेशा भरा रहता है और कूड़ा भी पड़ा है। जिस कारण श्रद्धालुओं को पीर बाबा पर जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
नफीश सिद्दीकी, महबूब, शमशाद, फिरोज, सुरेश, ओमपाल, तेजपाल, इकबाल, अय्यूब, असफाक, जाकिर, मुस्ताक, मोकिन, शौकीन, मामू ठेकेदार आदि ने डीएम को प्रार्थना पत्र भेजकर मार्ग पर खड़ंजा निर्माण कराने की मांग की है। संवाद