- किशोरी की राजस्थान के सीकर जिले में गुमशुदगी दर्ज मिली, इसके बाद राजस्थान पुलिस दोनों को साथ ले गई
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। राजस्थान के सीकर जिले से लापता किशोरी और कांधला के युवक को कुछ युवकों ने नेशनल हाईवे पर गौरीपुर मोड़ से कार में खींचने का प्रयास किया। वहां हंगामा होने पर पहुंचे पुलिसकर्मी दोनों को कोतवाली ले आए। किशोरी की राजस्थान में गुमशुदगी दर्ज होने के कारण वहां की पुलिस दोनों को साथ लेकर चली गई।
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर गौरीपुर मोड़ के पास कांधला के युवक के साथ खड़ी किशोरी ने कार सवार युवकों पर छेड़छाड़ करने और जबरदस्ती खींचने का प्रयास करने का आरोप लगाकर पुलिस को सूचना दे दी। कोतवाली पुलिस की टीम वहां पहुंची तो वहां हंगामा होता हुआ मिला, जबकि कार सवार भाग चुके थे। पुलिसकर्मियों ने जानकारी हासिल की और दोनों को कोतवाली लाकर पूछताछ की। जांच में पता चला कि किशोरी की गुमशुदगी राजस्थान के सीकर जिले के थाने में दर्ज है।
पूछताछ में कांधला के युवक ने बताया कि वह सीकर में काम करता है। इस दौरान किशोरी से दोस्ती होने पर अपने साथ ले आया। उधर, सूचना मिलने पर सोमवार की सुबह राजस्थान पुलिस भी कोतवाली पहुंच गई। पुलिस के अनुसार राजस्थान की किशोरी के साथ युवक निवाड़ा गांव में छिपा हुआ था। राजस्थान पुलिस दोनों को साथ लेकर चली गई।