बालैनी। सेना में भर्ती की तैयारी के लिए मवीखुर्द-पुरा महादेव मार्ग पर दौड़ लगा रहे युवक पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। घायल ने एक नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मवीखुर्द गांव निवासी नुकुल (21) पुत्र सतीश ने बताया कि वह सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा है। सोमवार सुबह करीब छह बजे मवीखुर्द-पुरा महादेव मार्ग पर दौड़ लगा रहा था। तभी छह युवकों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर कर दिया। आरोप लगाया कि हमलावरों ने तमंचे से कई राउंड फायरिंग की, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई। इस मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।