बागपत। परमवीर तुगाना हत्याकांड के आरोपी तिहाड़ जेल में बंद अरविंद राठी को बी वारंट पर लेने के लिए न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने तिहाड़ जेल में तलबी दाखिल की।
हिस्ट्रीशीटर परमवीर तुगाना की 22 जून को कुर्डी गांव में गोली मार दी गई थी। उसने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया था। परमवीर की हत्या में कुख्यात सुनील राठी, उसकी मां राजबाला, भाई अरविंद राठी व ममेरे भाई परविंद्र का नाम प्रकाश में आया था। जिसमें फरार आरोपी अरविंद राठी, राजबाला व परविंद्र को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सैल ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने राजबाला व परविंद्र को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ की। उधर तिहाड़ जेल में बंद अरविंद राठी को बी वारंट पर लेने के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस ने अनुमति मांगी। छपरौली थाना प्रभारी देवेश कुमार का कहना है कि न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद तिहाड़ जेल में बी वारंट दाखिल किए गए।
समझौता न करने पर हिस्ट्रीशीटर ने दी धमकी
बागपत। दिल्ली के एक अस्पताल में तैनात कर्मचारी नेमपाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक साल पहले एक हिस्ट्रीशीटर ने उस पर हमला कर दिया था। जिसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन चल रहा है। अब आरोपी उन पर समझौता करने का दबाव बना रहा है। जिसमें समझौता नहीं करने पर उन्हें धमकी दी गई। इस मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी हरेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।