-दिल्ली में धरने पर बैठे पहलवानें के समर्थन में ढिकौली में हुई पंचायत
फोटो 13
संवाद न्यूज एजेंसी
रटौल। दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों के समर्थन में ढिकौली गांव में पंचायत हुई, जहां ग्रामीणों ने पहलवानों के समर्थन का एलान कर दिया। वक्ताओं ने कहा कि यदि जल्द ही पहलवानों को न्याय नहीं मिला तो ग्रामीण आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। साथ ही जंतर-मंतर पर पहुंचकर धरने में शामिल होंगे।
ढिकौली गांव में हुई पंचायत में पांची, साकरौद, दत्तनगर, ललियाना, बसी, सिखैड़ा, हिसावदा समेत कई गांवों के ग्रामीण शामिल हुए। जहां पंचायत को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एडवोकेट सोमेंद्र ढाका ने कहा कि भाजपा सरकार एक तरफ बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ का नारा दे रही है तो दूसरी तरफ महिला पहलवानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहलवानों को इंसाफ दिलाने के बजाय उनकी आवाज दबाने का काम किया जा रहा है। जिन बेटियों ने देश का नाम रोशन किया, आज वो बेटियां जंतर-मंतर पर धरना देकर बैठी हैं। उन्होंने सांसद ब्रजभूषण सिंह को गिरफ्तार करने की मांग उठाई। इस मौके पर वक्ताओं ने पहलवानों को इंसाफ नहीं मिलने पर दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलन करने का एलान किया। पंचायत की अध्यक्षता यशपाल सिंह चौधरी और संचालन एडवोकेट सोमेंद्र ढाका ने किया। इस मौके पर सुरजीत, जयपाल, रामबीर सिंह,संदीप प्रधान, नीरज, हबीब अंसारी मौजूद रहे।