संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ टिप्पणी पर भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने शनिवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करके धरना किया। उन्होंने विदेश मंत्री से अपने बयान को वापस लेने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की। इसके विरोध में शनिवार को भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में पाकिस्तान और वहां के विदेश मंत्री के खिलाफ नारेबाजी कर धरना दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष सूरज पाल सिंह गुर्जर ने कहा कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी के लिए यूएनओ में सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री के माफी नहीं मांगने पर पाकिस्तान और वहां के विदेश मंत्री का पुरजोर विरोध किया जाएगा। उसको उसी भाषा में जवाब दिया जाएगा। देश की जनता पीओके पर कब्जा करना और इस प्रकार की बयानबाजी करने वालों को उन्हीं की भाषा में जवाब देना जानती है। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि ठाकुर प्रदीप सिंह, उपाध्यक्ष विनोद भारद्वाज, चेयरमैन अमित राणा, युवा जिलाध्यक्ष शशांक मलिक, सरिता चौधरी, सोनिया चौधरी, अनुराग जैन, दीपक शर्मा, रवींद्र राठी, दीपक बामनौली एवं अनिल चौहान आदि मौजूद रहे।