खेकड़ा में दशहरा पर्व पर दहन के लिए तैयार किया गया रावण का पुतला
- फोटो : KAHKRA
खेकड़ा। दशहरा पर्व के चलते खेकड़ा में मुस्लिम कारीगर 55 फुट ऊंचे दशानन रावण के पुतले को तैयार करने में दिन रात लगे हैं।
नालापार बस्ती का रहने वाला अनीस रावण के पुतलों को बनाने में माहिर कलाकार माना जाता है। आस पास के शहरों एवं गांव में दहन होने वाले रावण के पुतलों को भी अनीस और उसके परिवार के लोग बनाते आ रहे हैं। कलाकार अनीस आतिशबाज के पुत्र इमरान का कहना है कि उनके पूर्वज भी रावण व उसके परिवार के पुतले सदियों से बनाते आ रहे हैं। पुतले बनाने का कार्य वह जन्माष्टमी पर्व के बाद शुरू कर देते हैं। पुतलों के निर्माण के लिए कलाकार नहीं मिल पाते हैं। इस कारण वह लोग अपने परिवार की टीम के साथ पुतले बनाने का कार्य करते हैं। नए लोगों को केवल सहयोग के लिए ही रखा जाता हैं। उनके पास पुतले बनाने के लिए खेकड़ा के अलावा लोनी, गाजियाबाद, हापुड़, शामली आदि शहरों के साथ ही क्षेत्र के गांवों से भी काफी आर्डर आते हैं। रावण का पुतला बनाने का कार्य अंतिम चरण में हैं। बनाए जा रहे रावण के पुतले को देखने के लिए लोगों की भीड़ पहुंच रही है।