कोताना में अमृत सरोवर का लोकार्पण
बड़ौत। कोताना गांव में मंगलवार को डीएम ने अमृत सरोवर का फीता काटकर लोकार्पण किया। सरोवर किनारे पौधरोपण कर उन्होंने ग्रामीणों को तालाब की सफाई रखने के अतिरिक्त पर्यावरण संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर चलाई जा रही बहुआयामी योजनाओं के तहत गांव में आयोजित कार्यक्रम में डीएम राजकमल यादव ने अमृत सरोवर का लोकार्पण किया। इस दौरान डीएम द्वारा सरोवर के आसपास विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण भी किया। डीएम ने कहा कि यह सरोवर गांव व आसपास के सभी गांवों के लिए आदर्श बन सकता है बशर्ते इस तालाब की सफाई व रखरखाव का सभी ध्यान रखें। तालाब व इसके चारों गंदगी न डालें, लगाए गए पौधों का सभी ख्याल रखें। तालाबों को जीवित रखने के लिए लोगों का जागरूक होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनका संरक्षण करें। बीडीओ ज्योति बाला व ग्राम सचिव विकुल तोमर ने बताया कि अमृत सरोवर के चारों ओर बैठने के लिए भी सीटें लगाई गई हैं, ताकि लोग तालाब किनारे बैठकर अच्छा महसूस कर सकें।