- बागपत पहुंचे सपा प्रदेशाध्यक्ष बोेले, कांग्रेस और बसपा जैसे किसी भी बड़े दल के साथ नहीं होगा गठबंधन
- किसानों की समस्या व बेरोजगारी भी रहेंगे अहम मुद्दे, गठबंधन व टिकट की घोषणा जल्द
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सपा के प्रदेशाध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए प्रदेश में सपा और रालोद के साथ सभी छोटे दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। भाजपा सरकार हर वर्ग की विरोधी है, जिसे सभी हराना चाहते है। उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि कांग्रेस और बसपा जैसे किसी भी बड़े दल के साथ सपा का गठबंधन नहीं होगा।
रविवार को बागपत में जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक लेने पहुंचे प्रदेशाध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने पत्रकार वार्ता भी की। कहा कि सपा और रालोद के बीच सीटों को लेकर सभी बातचीत पूरी हो चुकी है, दोनों में गठबंधन तय है। इनके साथ ही अन्य सभी छोटे दलों से बातचीत हो रही है। प्रदेश में भाजपा के खिलाफ छोटे दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ा जाएगा। गठबंधन व टिकट की घोषणा जल्द होगी, जिस पर केंद्रीय नेतृत्व कार्य कर रहा है। मेरठ के दबथुआ में होने वाली सपा-रालोद की रैली पर नरेश उत्तम ने कहा कि यह किसानों व मजदूरों की रैली है, जो एतिहासिक होगी। उन्होंने कहा कि सपा ने शुरूआत से किसान आंदोलन को समर्थन किया हुआ है। सरकार बनने पर किसानों की सभी मांग पूरी की जाएगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, पूर्व प्रत्याशी शौकेंद्र तोमर, महिला जिलाध्यक्ष डा. सीमा यादव, डॉ. शालिनी राकेश, मास्टर नगेंद्र, अभयवीर यादव, डॉ. प्रताप, डॉ. विजय कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष बिल्लू प्रधान, हाजी तराबुद्दीन आदि मौजूद रहे।
शिवपाल यादव भी सपा के साथ आएंगे
प्रदेशाध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि उनकी पार्टी का किसी भी बड़े दल के साथ गठबंधन का अनुभव ठीक नहीं रहा है। इसलिए ही सभी छोटे दलों को साथ जोड़ा जा रहा है। शिवपाल यादव भी सपा के साथ आएंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव हमेशा कहते है कि वह शिवपाल यादव का पूरा सम्मान करते है और वह भी सपा से अलग नहीं है।
प्रदेश अध्यक्ष के सामने ही मारपीट और हंगामा
प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल सोनीपत बस स्टैंड स्थित जिला कार्यालय पहुंचे तो कार्यकर्ता उनका स्वागत करने लगे। स्वागत पहले करने को लेकर ही कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और उनमें मारपीट शुरू हो गई। जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी को बीच बचाव कराने के लिए आगे आना पड़ा। काफी देर तक हंगामा होता रहा।
गुर्जर समाज की तरफ से प्रदेशाध्यक्ष का सम्मान किया
बागपत में मेरठ रोड पर पूर्व जिलाध्यक्ष बिल्लू प्रधान के कार्यालय पर प्रदेशाध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल का गुर्जर समाज की ओर से सम्मान किया गया। सेलक राम प्रधान, मास्टर रामेश्वर, मास्टर राजेंद्र, मनोज गुर्जर, कालू प्रधान, प्रदीप कुमार, मास्टर किशनपाल, मास्टर तेजपाल, रविंद्र, राकेश गुर्जर, अमित गुर्जर, राधे गुर्जर, योगेश गुर्जर आदि ने पगड़ी पहनाई और सम्राट मिहिर भोज का स्मृति चिह्न दिया।