बड़ौत। नगर के जनता वैदिक कॉलेज में बुधवार को एक रैली की गई। इसमें शामली, बागपत, गाजियाबाद, मेरठ व मुजफ्फरनगर के पूर्व सैनिकों व शहीदों के परिजनों ने भाग लिया। जहां जिले में सैनिक स्कूल खोलने, अग्निवीरों की भर्ती करने समेत अन्य मांगों को उठाया गया। मेजर जनरल सुमित राणा ने इस साल अप्रैल माह के बाद जिले में अग्निवीरों की भर्ती करने के साथ ही सीएसडी कैंटीन का बजट 10 लाख रुपये बढ़ाने की घोषणा की।
सांसद डॉ़ राजकुमार सांगवान ने कहा कि बागपत सैनिकों का जिला है और यहां के अधिकतर युवा सेना में जाने का जज्बा रखते हैं। इसलिए यहां पर अग्निवीरों की भर्ती होनी चाहिए और सैनिक स्कूल के साथ ईसीएच अस्पताल की स्थापना होनी चाहिए। उन्होंने पूर्व सैनिकों की सुविधा के लिए टोल फ्री करने की भी मांग उठाई। सांसद ने बताया कि जिले में जल्द एक और केंद्रीय विद्यालय खुलने जा रहा है, जिससे बच्चों काे लाभ मिलेगा और शिक्षा के स्तर में सुधार होगा।
भूतपूर्व सैनिक एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में लीगल सेल की स्थापना होनी चाहिए और सीएसडी कैंटीन में सभी सामानों की ज्यादा उपलब्धता होनी चाहिए। इससे पूर्व सैनिकों को अन्य जिलों में नहीं जाना पड़ेगा। इनके अलावा भी पूर्व सैनिकों ने पेंशन संबंधित समस्याओं का निराकरण, पेंशन पोर्टल में पंजीकरण करने, सेवानिवृत्त होने के बाद रोजगार की जानकारी आदि दिए जाने की मांग उठाई।
वहीं मेजर जनरल सुमित राणा ने सभी मांगों को सुनकर अग्निवीरों की भर्ती जिले में करने व कैंटीन का बजट बढ़ाने की घोषणा के साथ अन्य मांगों का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर कर्नल एएस अंटल, पूर्व मेजर जनरल दीप अहलावत, श्रीभगवान, सतेंद्र कुमार, विकास तोमर, संगीत पंवार, सेवाराम, वेदप्रकाश आदि मौजूद रहे।
-शहीदों की नारियों व परिजनों को किया गया सम्मानित
रैली में शहीदों की नारियों व उनके परिजनों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और हर संभव मदद करने का भरोसा दिया। सम्मान के दौरान शहीदों के परिजन भावुक हो गए। वहां रणवीरी, शांति देवी, पारूल, मीनू, गीता देवी, पिंकी देवी, राजबाला आदि को सम्मानित किया गया।
-कैंटीन और मेडिकल शिविर भी लगाया गया
कॉलेज परिसर में रैली के दौरान सेना की तरफ से कैंटीन, मेडिकल शिविर भी लगाया गया था, जहां पूर्व सैनिकों ने कैंटीन से खरीदारी की। चिकित्सकों ने जांच कर मरीजों को दवाई भी दी।