बागपत के बड़ौत के सभाखेड़ी गांव में सोमवार की रात में गोबर डालने को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इसमें दोनों पक्ष की तीन महिलाओं समेत नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया ।
पुलिस के अनुसार गांव में दोनों पक्षों में गोबर डालने को लेकर सोमवार की रात में पहले कहासुनी हुई। फिर देखते-देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। इस दौरान दोनों तरफ से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
घायलों में एक पक्ष के नसीम पुत्र लियाकत, गुलफाम और बाबू पुत्र जमशेद, सावेज पुत्र रुकमदीन और साजिदा पत्नी रुकमदीन, दूसरे पक्ष में गुलिस्ता, साजिद, आसकिन, इकबाल रहे। अभी तक इस मामले में कोतवाली में किसी पक्ष से तहरीर नहीं दी । दोनों पक्ष घायलों का इलाज कराने में जुटे हैं। बड़ौत पुलिस ने कहा तहरीर आने पर दोनों पक्षों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई होगी।
मारपीट में दो युवक घायल
खेकड़ा। नगर के वाल्मीकि मोहल्ले में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसमें दो युवक घायल हो गए। मंगलवार को शाम करीब सात बजे नगर के मोहल्ला वाल्मीकि में दो पक्षों के बीच एक दूसरे पर कटाक्ष करने को लेकर कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसमें मोनू और वीसू घायल हो गए। देर शाम समाचार लिखे जाने तक थाने में किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी।