बागपत तहसील का निरीक्षण करते अपर आयुक्त जयशंकर दूबे।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
अपर आयुक्त, मेरठ जयशंकर दूबे ने बुधवार को बागपत तहसील का निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेख सही न मिलने पर नाराजगी जताई और पत्रावली और रिकॉर्ड रूम ठीक रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा लंबित प्रकरणों और मुकदमों का समय पर निस्तारण कराया जाए।
बुधवार को सुबह करीब 11 बजे अपर आयुक्त दूबे बागपत तहसील में पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले खतौनी कार्यालय का निरीक्षण किया। वहां मौजूद कृषकों से खतौनी के समय पर मिलने की जानकारी ली और समस्या पूछी। इसके बाद रिकॉर्ड रूम में जाकर दस्तावेजों का रख-रखाव देखा।
अभिलेख इधर-उधर होने पर अफसरों पर नाराजगी जताई और व्यवस्था में सुधार लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी रिकार्ड, पत्रावली सही प्रकार से रखें। कोई भी कागज फाइल से इधर-उधर नहीं निकालना चाहिए। जरा सी चूक होने से किसानों के साथ-साथ विभाग को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने अभिलेखों के रखरखाब पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
अपर आयुक्त ने निर्देश दिए मीटिंग हॉल में जो कार्य चल रहा है उसको जल्द से जल्द पूरा किया जाए। लापरवाही न बरती जाए। साथ ही तहसीलदार की कोर्ट में जो मुकदमे चल रहे हैं, उनका जल्द से जल्द निस्तारण कराया जाए।
पीड़ितों को लंबी तारीख न देकर दो चार दिन बाद की उनकी समस्या का निस्तारण करा दिया जाए। इस दौरान एसडीएम विवेक कुमार यादव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अन्नपूर्णा गर्ग, तहसीलदार राजबहादुर सिंह, नायब तहसील देवेंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।