बागपत। कोतवाली में समाधान दिवस में शिकायतें सुनने के बाद एडीएम और सीओ ने शहर का भ्रमण किया। एडीएम ने शहर में नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए और गंदगी मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
एडीएम प्रतिपाल चौहान और सीओ देवेंद्र कुमार शर्मा ने शनिवार को कोतवाली में समाधान दिवस में समस्याएं सुनी। जहां दस शिकायतों में से एक का मौके पर निस्तारण कराया गया। उन्होंने लेखपाल, कानूनगो को चकरोड संबंधी मामलों में राजस्व व पुलिस की ज्वाइंट टीम बनाकर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद शहर का भ्रमण कर एडीएम प्रतिपाल चौहान ने नगर निकाय चुनाव में लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। साथ ही बाजार में किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शहर पूरी तरह साफ स्वच्छ होना चाहिए और कहीं भी गंदगी नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने चुनाव को लेकर लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील की।