बड़ौत के मलकपुर गांव के छात्र यश हत्याकांड में फरार चल रहे 25,000 के ईनामी बदमाश को रविवार की देर रात्रि एसओजी टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। जिससे सीएचसी से जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। आरोपी पर लूट, हत्या, रंगदारी ओर गैंगस्टर सहित लगभग 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम ने आरोपी से एक तमंचा दो जिंदा कारतूस भी बरामद की है।
आपको बता दें कि मलकपुर गांव के कक्षा 12 के छात्र यश 21 पुत्र हरेंद्र की हत्या उसी के छोटे भाई हाईस्कूल के छात्र वंश ने गत चार अप्रैल को डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर कराई थी। यश का शव बड़ौत में छपरौली रोड स्थित रजबहे के पास पड़ा मिला था। सूचना पर एसपी अर्पित विजयवर्गीय के अलावा सीओ हरीश भदौरिया, इंस्पेक्टर एनएस सिरोही, डॉग स्कवाड की टीम भी मौके पर पहुंची थीं।
इस मामले में मृतक के पिता ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। बाद मे पुलिस ने इस हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया था। पुलिस का दावा है कि यश की हत्या उसके ही छोटे भाई हाईस्कूल के छात्र वंश (18) ने डेढ़ लाख की सुपारी देकर धनौरा के बदमाश प्रभास पुत्र सुरेंद्र, भगत निवासी इटावा गांव जनपद मुजफ्फरनगर व गांव के ही एक अन्य युवक से कराई थी।
इस हत्याकांड में पुलिस ने मृतक छात्र यश के भाई वंश ओर आरोपी भगत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि 25000 का इनामी बदमाश प्रभास ओर मलकपुर गांव का एक युवक दीपक फरार चल रहा था।
रविवार की देर रात्रि एसओजी टीम को सूचना मिली थी यश कांड में शामिल 25000 का इनामी बदमाश मलकपुर रोड पर खडा है और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना पर एसओजी टीम मौके पर पहुंची और बदमाश की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाश प्रभास ने पुलिस पर फायरिंग की। जिसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में प्रभास पुत्र सुरेंद्र निवासी धनोरा घायल हो गया।
आरोपी पर लूट, हत्या, रंगदारी, गैंगस्टर आदि के लगभग 20 मुकदमे दर्ज है आरोपी बदमाश के पास से एक तमंचा, 2 कारतूस भी बरामद हुए है। घायल बदमाश को एसओजी टीम में शामिल रविंद्र पलावत, मोनू शर्मा, दीपक, अरुण ने जिला अस्पताल भर्ती कराया।