अमीनगर सराय। गौसपुर गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को जहर देने का मामला सामने आया। हालत गंभीर देखते हुए महिला को पिलाना सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, विवाहिता के पिता ने उसके ससुराल वालों पर कार्रवाई की मांग की।
बागपत के केतीपुरा मोहल्ले में रहने वाले अब्बासी ने बताया कि उसकी बेटी तबस्सुम (25) की शादी पांच साल पहले गौसपुर गांव के युवक से हुई थी। शादी के बाद दोनों में कहासुनी होने लगी। बताया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी बेटी को शनिवार रात जहरीला पदार्थ दे दिया। हालत बिगड़ने पर उपचार के लिए पिलाना सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां तबस्सुम की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया कि विवाहिता का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। अब्बासी ने ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मामले में थाना प्रभारी कौशलेंद्र सिंह यादव का कहना है कि जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।