अमीनगर सराय। मेरठ जिले की एक युवती ने कस्बे के वर्ग विशेष के युवक पर शादी का झांसा देकर अवैध संबंध बनाने और लाखों की नकदी समेत सोने के जेवर हड़पने का आरोप लगाया। घर जाने पर युवक के परिजनों पर मारपीट का भी आरोप लगाया।
मेरठ जिले के एक गांव की रहने वाली युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन साल पहले कस्बे के वर्ग विशेष के युवक से उसका प्रेम प्रसंग हो गया। आरोप लगाया कि युवक ने शादी करने का झांसा देकर तीन साल तक उसके साथ अवैध संबंध बनाए और शादी की बात टालता रहा। आरोप लगाया कि इस दौरान करीब साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी और 15 तोले जेवर और मकान बनाने के लिए आठ लाख रुपये नकद लिए। आरोप लगाया कि अब युवक ने शादी से इंकार कर दिया और लाखों की नकदी-जेवर भी वापस लौटाने से मना कर दिया। जब वह युवक के घर पहुंची तो उसके परिजनों ने मारपीट कर भगा दिया। इस मामले में सिंघावली अहीर थाना प्रभारी एमएस गिल का कहना है कि जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।