संवाद न्यूज एजेंसी
बडौत। नगर की महिलाओं ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत की। उन्होंने बताया कि नाबालिग पोती से दुष्कर्म प्रयास की शिकायत की रंजिश में उनके दिव्यांग बेटे को बंधक बनाकर पीटा गया।
एक महिला ने बताया कि करीब बीस दिन पहले उसकी नाबालिग पोती का अपहरण कर दुष्कर्म का प्रयास किया गया था। इस मामले में दिव्यांग बेटे ने पुलिस से शिकायत की थी। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय समझौता करा दिया। महिला का आरोप है कि इसी शिकायत की रंजिश में उनके बेटे को बंधक बनाकर पीटा गया। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। जांच अधिकारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि घायल युवक का मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।