दूसरे पक्ष के लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। बाजार पुलिस चौकी से बुधवार देर रात्रि लेनदेन के मामले का एक आरोपी फरार हो गया। हालांकि कुछ देर बाद ही मोहल्ले का एक युवक उसे पकड़कर चौकी ले आया। इस पर पुलिस ने राहत की सांस ली।
बाजार पुलिस चौकी पर तैनात एक दरोगा बुधवार देर शाम लेनदेन के मामले में बड़का रोड से एक युवक को पकड़कर लाया था। युवक के खिलाफ दूसरे पक्ष ने कोतवाली में तहरीर दी थी। इस दौरान पुलिसकर्मियों का ध्यान इधर-उधर हुआ, तो आरोपी फरार हो गया। इस पर पुलिस ने उसे काफी ढूंढने का प्रयास किया परंतु वह नहीं मिला। हालांकि कुछ देर बाद दूसरे पक्ष के लोग उक्त युवक को पकड़कर दोबारा बाजार पुलिस चौकी ले गए। इस पर पुलिस ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वहीं, दरोगा का कहना है कि युवक के चौकी से भागने की जानकारी नहीं है। वैसे भी बाजार पुलिस चौकी पर काफी पुलिसकर्मी तैनात हैं। ऐसे में युवक के भागने का सवाल नहीं उठता। वहीं, कोतवाल मगनवीर सिंह गिल ने बताया कि पकड़ा गया युवक नशे में था। वह भागा नहीं बल्कि नशे में कुछ दूर चला गया था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। भागने की जानकारी गलत है। उधर, सीओ हरीश भदौरिया ने मामले से अनभिज्ञता जताई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।