अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर दो बाइक सवारों ने एक-दूसरे से आगे निकलने के लिए रेस लगा दी। इस बीच एक बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक के साथ बैठी चार साल की मासूम की मौत हो गई।
बागपत निवासी डब्बू अपनी चार साल की भतीजी परी के साथ बड़ौत के निकट ईंट भट्ठे पर जाने के लिए बाइक से निकला था। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गुफा मंदिर के निकट उससे आगे एक बाइक सवार निकल गया। इस पर डब्बू ने भी बाइक दौड़ा दी। दोनों बाइक सवारों में एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ लग गई। सरूरपुर गांव में डब्बू की बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में उसकी चार साल की भतीजी की मौत हो गई। पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और डब्बू से जानकारी ली। उधर, बुधवार रात खेड़की गांव में गोवंश से टकराकर घायल बाइक सवार सागर की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। बड़ौत निवासी गोविंदा, सागर और गौरव गंभीर घायल हो गए थे। गोविंदा की बुधवार रात में ही मौत हो गई थी, जबकि सागर की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई है।